Home उत्तर प्रदेश सीएचसी बाघराय में एंटी करप्शन की छापेमारी, बीपीएम 50 हजार रिश्वत लेते...

सीएचसी बाघराय में एंटी करप्शन की छापेमारी, बीपीएम 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

PRATAPGARH NEWS: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाघराय में बुधवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) अमित कुमार मिश्रा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए प्रयागराज ले गई। मिली जानकारी के अनुसार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (स्वीपर) की भर्ती के नाम पर शिकायतकर्ता से डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए नियुक्ति नहीं की जा रही थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने 6 अप्रैल को सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को सीएचसी बाघराय में जाल बिछाया। टीम के सदस्य सामान्य लोगों की तरह अस्पताल परिसर में मौजूद रहे, जिससे किसी को कार्रवाई की भनक नहीं लगी। जैसे ही बीपीएम ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की पहली किश्त ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के बाद सीएचसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए प्रयागराज ले जाया गया है। सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत हेल्पलाइन नंबर 9454404859 एवं 9454401886 पर करें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।