KAUSHAMBI NEWS: राजकीय महाविद्यालय सिराथू में शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता के तहत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिता का विषय ‘Say No to Drugs, Say Yes to Life’ रहा। छात्र-छात्राओं ने पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, सामाजिक व पारिवारिक असर तथा बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। प्रतियोगिता में बीएससी की छात्रा वर्तिका साहू प्रथम, प्रकाश मालवीय द्वितीय व निहारिका साहू तृतीय स्थान पर रहे। आयोजक डॉ. उत्तम कुमार शुक्ल ने इसे जागरूकता बढ़ाने की सराहनीय पहल बताया। निर्णायक मंडल में प्रो. मीरा पाल, डॉ. विकासचंद्र व डॉ. विपुल सिंह शामिल रहे। इसी क्रम में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रो. मीरा पाल ने महिला उद्यमियों की सफलता की कहानियां सुनाते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उत्तम कुमार शुक्ल ने किया, जबकि आभार मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. जसविंदर कौर ने व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापक व कर्मचारी मौजूद रहे।







