Home आस्था सिद्धार्थ इंटरमीडिएट कॉलेज में कन्यापूजन एवं गरबा कार्यक्रम सम्पन्न

सिद्धार्थ इंटरमीडिएट कॉलेज में कन्यापूजन एवं गरबा कार्यक्रम सम्पन्न

PRATAPGARH NEWS: सिद्धार्थ इंटरमीडिएट कॉलेज, पूर्वी सहोदरपुर में भव्य कन्यापूजन व गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्वी उत्तर प्रदेश की क्षेत्र संयोजिका कल्पना जी एवं विद्यालय की डायरेक्टर ऋचा सिंह ने माँ शारदा के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया। आदिशक्ति माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना एवं आरती के पश्चात बालिकाओं का तिलक कर उन्हें पारंपरिक भोजन परोसा गया। छात्राओं ने शक्ति स्वरूपा माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों का सजीव मंचन कर सबका मन मोह लिया। इसके अलावा गरबा नृत्य, भाषण, मां जगदंबा के जागरण गीतों पर गायन एवं नृत्य की मनोरम प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती ऋचा सिंह ने कहा कि यह उत्सव भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं एवं नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। इस आयोजन से बेटियों के प्रति आदर और सम्मान का संदेश समाज को मिलता है। मुख्य अतिथि कल्पना दीदी ने कहा कि मातृशक्ति का यह पावन पर्व समाज में समरसता और बेटियों को समान अवसर देने की प्रेरणा देता है। बेटियों का सम्मान करना समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सुमन सिंह ने बच्चों को शुभकामनाएँ दीं एवं उपहार वितरित किए। इस दौरान विद्यालय की अध्यापिकाएँ रेखा, बबीता, नेहा सिद्दीकी, शीतल सिंह, श्रेया, खुशी, प्रियंका गौतम, रिया, प्रियंका तिवारी, बुशरा तथा शिक्षक लालचंद, उत्कर्ष, विनय, जितेंद्र, विद्या समेत समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही।