Home उत्तर प्रदेश साहूकार पर सोना-चांदी हड़पने का आरोप, व्यापारी ने एसपी से लगाई गुहार

साहूकार पर सोना-चांदी हड़पने का आरोप, व्यापारी ने एसपी से लगाई गुहार

FATEHPUR NEWS: जनपद के राधानगर थाना क्षेत्र स्थित खुशवंतराय नगर मोहल्ले में एक बर्तन व्यापारी ने साहूकार पर किसानों का गिरवी रखा सोना-चांदी हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, किसानों द्वारा गिरवी रखे गए करीब 253 ग्राम सोना और लगभग 9.500 किलोग्राम चांदी को साहूकार ने हड़प लिया। जब व्यापारी ने उक्त जेवरात वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें धमकाया। व्यापारी का आरोप है कि इस मामले के चलते उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ा, जिससे उनके पिता की मृत्यु भी हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राधानगर थाने में शिकायत करने पर उनकी तहरीर को बदलकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया। इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत प्रयागराज स्थित आईजी कार्यालय में की। आईजी के निर्देश पर आईपीएस मोहम्मद आफताब आलम द्वारा मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान एक फर्जी एफिडेविट सामने आने की बात कही गई है, जिसकी रिपोर्ट आईजी कार्यालय को भेज दी गई है। पीड़ित का कहना है कि जांच रिपोर्ट जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।