Home अयोध्या सार्टसर्किट से सीओ कार्यालय परिसर में आगजनी से हडकंप, बाधित हुई आपूर्ति

सार्टसर्किट से सीओ कार्यालय परिसर में आगजनी से हडकंप, बाधित हुई आपूर्ति

PRATAPGARH: सीओ कार्यालय में लगे ट्रांसफार्मर में एचटी तारों में सार्टसर्किट होने से आग फैल गयी। नेशनल हाइवे के रायबरेली रोड पर स्थित पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय परिसर में अचानक आग की लपटें देख स्थानीय व्यापारी व पुलिसकर्मी भी बेचैन दिखे। लगभग दो घण्टे तक मशक्कत करने के बाद देर रात फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। सोमवार की रात करीब ग्यारह बजे ट्रांसफार्मर में आग लगने से हडकंप मच गया। आगजनी के कारण नगरीय क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप हो गयी। मंगलवार की सुबह तक तार बदलने का विभागीय सिलसिला जारी दिखा। गनीमत यह थी कि आग की लपटें कार्यालय भवन के भीतर पहुंचने से पहले काबू में आ गयी। वही मंगलवार की सुबह लालगंज के शीतलमऊ वार्ड में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक तकनीकी खराबी आ गयी। इसके चलते शीतलमऊ में विद्युत आपूर्ति घंटो बाधित रही। लोकल फाल्ट व सार्टसर्किट के कारण विद्युत आपूर्ति में बाधा को लेकर लोग परेशान देखे जा रहे हैं। हालत यह है कि कस्बाई एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी एवं विभागीय दावो के विपरीत महज चार से पांच घंटे विद्युत आपूर्ति हो पा रही है। समस्या को लेकर व्यापारमण्डल तथा संयुक्त अधिवक्ता संघ ने सोमवार को समाधान दिवस में हंगामा भी किया था। विभागीय अधिकारी हैं कि समस्या को लेकर कुछ भी बोलने से कतराते नजर आते हैं।