जहानाबाद से सदर तक भाजपाइयों का दिखा शक्ति प्रदर्शन
भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में भव्य आयोजन
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष बनने के बाद साध्वी का हुआ प्रथम आगमन
FATEHPUR NEWS: साध्वी निरंजन ज्योति के राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद पर मनोनयन के बाद जिले में उनके प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। जहानाबाद के चिल्ली मोड़ से लेकर फतेहपुर सदर तक कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों गाड़ियों के काफिले, फूलमालाओं और गगनचुंबी नारों के बीच उनका जोरदार अभिनंदन हुआ। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम का शुभारंभ जहानाबाद से हुआ, जिसमें जिले के सभी मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे। यह स्वागत यात्रा जहानाबाद नगर, बकेवर, खजुहा, बिंदकी, मलवा, अल्लीपुर, नऊवाबाग और कर्पूरी ठाकुर चौराहे से होती हुई रामेडियन होटल तक पहुंची, जहां एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उन्हें द्रौपदी मुर्मु और नरेंद्र मोदी द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह निष्ठा, सुचिता और संवेदनशीलता के साथ पूरी ईमानदारी से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से मिल रहा स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष मिश्रा, विधायक कृष्णा पासवान, विधायक विकास गुप्ता, विधायक राजेंद्र पटेल, विधायक जयकुमार सिंह जैकी, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह, पूर्व विधायक आदित्य पांडेय सहित बड़ी संख्या में कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







