JHANSI NEWS: जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्यवाही को लेकर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन आलोक सिंह तथा पुलिस महानिरीक्षक, झाँसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के नेतृत्व में साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष रणनीतियों पर चर्चा की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) पीयूष कुमार पांडे द्वारा की गई। इसमें जनपद के सभी थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न पोर्टलों, कार्य-प्रणालियों और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को तेजी से बढ़ रही साइबर चुनौतियों के मद्देनज़र सतर्क रहने, त्वरित प्रतिक्रिया देने और पीड़ितों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, साइबर जागरूकता अभियान को गति देने तथा नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में शिक्षित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को बैंक खातों की फ्रीजिंग, डिजिटल साक्ष्य संग्रहण एवं आधुनिक तकनीकी उपकरणों के प्रयोग में दक्षता बढ़ाने के निर्देश भी प्रदान किए गए। गोष्ठी के अंत में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) ने सभी कर्मचारियों को साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित और सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।







