SIDDHARTHNAGAR NEWS: राज्यसभा सांसद बृजलाल ने बुधवार को सिद्धार्थनगर में सांसद निधि (राज्य सभा) वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. भी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में निर्मित लाइब्रेरी भवन का लोकार्पण फीता काटकर और शिलापट का अनावरण करके किया गया। इसके अतिरिक्त, कलेक्ट्रेट परिसर में एक नए पार्क और विकास भवन से साड़ी तिराहा तक एक सार्वजनिक उद्यान/पार्क निर्माण कार्य का शिलान्यास भी संपन्न हुआ। उद्घाटन के बाद सांसद बृजलाल ने लाइब्रेरी का भ्रमण किया और अपनी स्वयं लिखी हुई एक पुस्तक लाइब्रेरी के लिए जिलाधिकारी को भेंट की। इसके पश्चात, सांसद बृजलाल, जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. सहित अन्य उपस्थित लोगों ने पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञानप्रकाश, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, उपप्रभागीय वनाधिकारी बीना त्रिपाठी, और अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।







