JHANSI NEWS: ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने संसदीय क्षेत्र के निवेशकों की समस्याओं को लेकर गंभीर पहल की है। इसी क्रम में उन्होंने सहकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल से शिष्टाचार भेंट कर सहारा इंडिया सहित उन निजी कंपनियों के मामलों पर भी चर्चा की, जिनमें क्षेत्र के निवासियों ने निवेश किया था और आज तक उनकी राशि अटकी हुई है। सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि झाँसी एवं ललितपुर जनपद के विभिन्न एजेंटों द्वारा सहारा इंडिया की शाखाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं से एफडी, आरडी आदि योजनाओं में करोड़ों रुपये जमा कराए गए थे। इनकी सूची पूर्व में भी केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है, किंतु सीआरसीएस-सहारा रिफंड पोर्टल पर ऑनलाइन दावे प्रस्तुत किए जाने के बावजूद भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यही स्थिति कई अन्य निजी कंपनियों में निवेश करने वाले निवेशकों की भी है। इन कंपनियों में निवेश करने वाले लोगों की धनराशि वर्षों से अटकी हुई है, जिसके कारण निवेशकों और उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। सांसद ने चिंता व्यक्त की कि वर्तमान में सहारा रिफंड पोर्टल भी सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा है, जिससे निवेशकों में गहरी नाराज़गी और अविश्वास की स्थिति है। सांसद अनुराग शर्मा ने सहकारिता मंत्रालय से आग्रह किया कि जिला स्तर पर सरलीकरण की प्रक्रिया अपनाकर न केवल सहारा इंडिया बल्कि अन्य निजी कंपनियों में भी निवेशकों के अटके निवेश की धनराशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र के निवेशकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इस विषय पर वे लगातार केंद्र सरकार से संवाद और प्रयासरत रहेंगे







