Home उत्तर प्रदेश सांसद जगदंबिका पाल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, उमस भरी गर्मी भी...

सांसद जगदंबिका पाल ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, उमस भरी गर्मी भी नहीं डिगा सकी कार्यकर्ताओं का जोश

SIDHARTHNAGAR NEWS: लोकसभा डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल ने एक विशाल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। उमस भरी चिलचिलाती धूप के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था, जो अपने नेता और देश के प्रति अपना प्यार और सम्मान व्यक्त कर रहे थे। सांसद पाल ने स्वयं तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते हुए हाथ में तिरंगा लहराया। इस भव्य रैली की शुरुआत राम कुमार उर्फ चिन्कू यादव के कार्यालय से हुई। मोटरसाइकिल पर सवार सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “जगदंबिका पाल जिंदाबाद” के गगनभेदी नारे लगाते हुए पूरे क्षेत्र को देशमय बना दिया।
तिरंगा यात्रा का समापन तीर्थ सागर भारत भारी पर हुआ, जहाँ एक सभा का आयोजन किया गया। मंच पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी की गौरवमयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी। इस दौरान, वक्ताओं ने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया। सांसद पाल ने मंच से गरजते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो अपनी अखंडता पर उंगली उठाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में जनता के हित के लिए कार्य कर रही है। सांसद ने डुमरियागंज के विकास से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि आने वाले दिनों में यह क्षेत्र फोरलेन से जुड़ेगा और यहाँ ट्रेन भी आ रही है, जिससे लोगों का चौतरफा विकास होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, राम कुमार उर्फ चिन्कू यादव, राजेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।