SIDHARTH NAGAR: सरहद की सुरक्षा में मुस्तैद सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अब सीमावर्ती गांवों के पशुपालकों की भी सार-संभाल कर रही है। इसी कड़ी में सशस्त्र सीमा बल की 50वीं वाहिनी ने शुक्रवार को विकास खंड बढ़नी के परसा दीवान ग्राम पंचायत में एक विशाल नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में गांवों के पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। कमांडेंट एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन तालुकदार की देखरेख में आयोजित इस शिविर में पशुपालकों को पशुओं की उचित देखभाल और पौष्टिक आहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। एसएसबी 50वीं वाहिनी न सिर्फ सीमा की चौकसी करती है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी चलाती है। इसी क्रम में नियमित अंतराल पर चिकित्सा (एमसीए) और पशु चिकित्सा (वीसीए) शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया जाता है।
शुक्रवार के शिविर में कुल 101 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें 40 भैंस, 13 गाय और 48 बकरियां शामिल थीं। इस पहल से कुल 22 पशुपालकों को सीधा लाभ मिला।
इस अवसर पर सहायक कमांडेंट संजय कप, उप निरीक्षक चूड़ामणि, मुख्य आरक्षी चंदन कुमार, आरक्षी कृष्णा मौर्य और आरक्षी हिमांशु सिंह सहित अन्य बलकर्मी उपस्थित रहे। एसएसबी की यह पहल सीमावर्ती ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत बनकर उभरी है, जो उन्हें आवश्यक पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।







