अंकपत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह में 32 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, खिल उठे चेहरे
SIDHARTHNAGAR NEWS: स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर बढ़नी में आयोजित अंकपत्र एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कक्षा टॉप, विद्यालय टॉप एवं ओलंपियाड में प्रदेश स्तर पर पाँचवां स्थान प्राप्त करने वाले कुल 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील अग्रहरी द्वारा शुद्ध चांदी के मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते ही छात्रों के चेहरे आत्मविश्वास और खुशी से दमक उठे।समारोह के मुख्य अतिथि सुनील अग्रहरी ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चांदी के मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विशिष्ट अतिथि अजय प्रताप गुप्त (वरिष्ठ पत्रकार) तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष संजय मित्तल, रामगोपाल मित्तल, अखिलेश मद्धेशिया एवं हिमांशु कंचल के हाथों पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील अग्रहरी ने कहा कि जीवन में शिक्षा और ज्ञान का अत्यंत महत्व है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को निर्भीक होकर शिक्षा ग्रहण करने का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई नहीं छोड़नी चाहिए, बल्कि हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए।विशिष्ट अतिथि अजय प्रताप गुप्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निरंतर अभ्यास और समय प्रबंधन सफलता की कुंजी है। उन्होंने मोबाइल के संतुलित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इसका उपयोग केवल आवश्यकतानुसार ही करें, अन्यथा यह कीमती समय की बर्बादी का कारण बन सकता है। कार्यक्रम में कुल 32 विद्यार्थियों को शील्ड, अंकपत्र, प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं उनके शिक्षकों में भी गर्व की झलक साफ दिखाई दी। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य हरिकेश पाठक ने किया। इस अवसर पर शिक्षिका पूजा पाण्डेय, विभा गुप्ता, दीपिका साहू, नीलम गौड़, कविता चौहान, अंशु, राजकुमारी तथा अरुण चतुर्वेदी, नीतिश उपाध्याय एवं प्रदीप मौर्य का सराहनीय योगदान रहा।







