बढ़नी कस्बे में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में चुने गए नए पदाधिकारी, दी गई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
SIDHARTHNAGAR NEWS: बढ़नी कस्बे के सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में छात्र संसद का गठन किया गया, जहां निर्वाचित पदाधिकारियों को पद और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया और नेतृत्व का अनुभव कराना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांधी आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज बढ़नी के प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा ने निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि छात्र संसद लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का पूर्वाभ्यास है। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे उनकी दक्षता और क्षमता में वृद्धि होगी। विशिष्ट अतिथि बीआईसी के प्रधानाचार्य उदय प्रकाश मौर्य और प्राशिसं के जिला मंत्री योगेन्द्र पाण्डेय ने छात्रों को अनुशासन और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार अजय प्रताप गुप्त ने छात्र संसद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह छात्रों के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाला एक महत्वपूर्ण निकाय है, जो संस्थान में एक जीवंत लोकतांत्रिक माहौल बनाने में भूमिका निभाता है।
इस ‘छात्र संसद’ में अध्यक्ष पद पर शिवांश, उपाध्यक्ष रीमा, प्रधानमंत्री विवेकानंद, उप प्रधानमंत्री मयंक पाण्डेय, मंत्री प्रकृत और अनुशासन प्रमुख धनीषा को चुना गया है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और मां भारती के चित्र पर दीप जलाकर की गई। प्रधानाचार्य हरिकेश पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शिक्षक अरुण चतुर्वेदी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूजा पाण्डेय, विभा गुप्ता, नीतीश उपाध्याय, दीपिका साहू सहित अन्य शिक्षकों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।







