PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज के सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो कोरांव की पांच मेधावी छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। इन छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। यह सम्मान महिला कल्याण विभाग और जिला प्रोबेशन कार्यालय प्रयागराज द्वारा श्बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओश् अभियान के तहत दिया गया। इस अवसर पर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह और डीपीओ सर्वजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रेया सिंह को 20,000 रुपये का चेक दिया गया। वहीं, जनपद में द्वितीय स्थान पर रहीं साक्षी ओझा को 10,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रियल पटेल को 5,000 रुपये का चेक देकर पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार, इंटरमीडिएट परीक्षा में पूरे जनपद में द्वितीय स्थान हासिल करने वाली शिवानी सिंह को 10,000 रुपये और तृतीय स्थान पर रहीं शिप्रा सिंह को 5,000 रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सरदार पटेल इंटर कॉलेज सिकरो कोरांव के प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने भी इन छात्राओं को विद्यालय में बुलाकर सम्मानित किया। डॉ. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जहाँ स्त्रियाँ प्रसन्न होकर राष्ट्र, परिवार या घर निर्माण में सहभागी बनती हैं, वहीं राष्ट्र, परिवार और घर समृद्धि को प्राप्त होता है। उन्होंने बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विद्यालय के कई अध्यापक और सम्मानित छात्राओं के अभिभावक भी उपस्थित रहे। अभिभावकों ने भी अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया।







