गैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत को लेकर समाजवादी महिला सभा ने किया प्रदर्शन
डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, पीएम व सीएम को भेजा लाल चूड़ियां
BHADOHI NEWS: समाजवादी महिला सभा द्वारा गैस सिलेंडर की बढ़ती किल्लत और उसके दामों में की गई वृद्धि को लेकर बुधवार को गैस सिलेंडर व चूड़ियों के साथ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सहित प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को डीएम के माध्यम से लाल चूड़ियां भेजी गई। प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन की प्रदेश महासचिव रीता प्रजापति व जिला महासचिव प्रमिला यादव ने की। इस दौरान सपा नेत्री अंजनी सरोज ने कहा कि इस समय गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है। लेकिन इसके बावजूद भी शासन-प्रशासन द्वारा यह कहा जा रहा है कि अफवाहों पर न ध्यान दें और न ही अफवाहों को फैलाएं। जब आसानी के साथ गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं जा रहे हैं तो प्रतिदिन कई दिनों से एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइन क्यों लग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ये कहना हास्यप्रद है कि गैस की कोई कमी नहीं है। यह मामला महिलाओं से सीधे जुड़ा है, पहले नोट बंदी, कमरतोड़ महंगाई और फिर इस परेशानी से महिलाओं की जिंदगी बाद से बदत्तर होती जा रही है। आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी में बढ़ती परेशानी को अनदेखा करते भाजपा सरकार महिलाओं के जख्म पर नमक छिड़कने के समान है। श्रीमती सरोज ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को लाल चूड़ियां भेज रही हूं। ऐसे गैस सिलेंडर किल्लत से निजात दिलाया जाए। झूठ बोलने वाली, जनता को भ्रमित करने वाली डबल इंजन की सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए। इस मौके पर कंचन सोनकर, अंकित राजपूत, राजेंद्र दुबे, किरन सरोज, सुशीला गौड़, शिवरानी, राजकुमारी व धर्मेंद्र मिश्र पप्पू आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।







