KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ अमित पाल एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने जनशिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी डा अमित पाल ने राजस्व से सम्बन्धित शिकायतों पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शिकायत को निस्तारित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि कोई भी शिकायत लम्बित न होने पाये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 52 फरियादियों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई जिसमें अधिकारियों ने दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर शेष शिकायतों को विभागवार निस्तारण के लिए भेजा है।





