PRATAPGARH NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को कुंडा के भदरी टोल प्लाजा पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश में बड़े राजनीतिक बदलाव का दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी और कुंडा व बाबागंज दोनों सीटों पर सपा का परचम लहराएगा। उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्र, नौजवान, किसान, मजदूर, दलित और ब्राह्मण—समाज का हर वर्ग आज परेशान है और अब जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर संकल्प लिया है कि 2027 में अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। शिवपाल सिंह यादव लखनऊ से प्रयागराज स्थित सैनिक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुंडा के भदरी टोल प्लाजा पर उनके स्वागत के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित रहे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल उत्साह और जोश से भर उठा. इस अवसर पर सुरेश यादव और गुड्डन राज पासी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़काऊ यादव, गुलाब यादव, राकेश कुमार, विकास यादव प्रदीप सरोज केशव यादव गुलाब राकेश पासी दीपक यादव प्रधान दीपक बीडीसी बादल गौतम छोटू गौतम इंद्रजीत तूफान प्रमोद गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। साथ ही बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद पांडे की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने भी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन की मजबूती और एकजुटता पर बल दिया, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।







