सीडीओ पवन कुमार मीना ने प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच और प्रवर्तन कार्रवाई में संवेदनशीलता बरतने पर दिया जोर
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के किसी भी स्कूली वाहन का संचालन किसी भी स्थिति में न होने पाए। इस संबंध में पुलिस विभाग और एआरटीओ को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। उन्होंने एआरटीओ को निर्देशित किया कि सभी स्कूली वाहन चालकों का प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी स्कूलों से यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए कि उनके वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में गंभीर दुर्घटनाएं हुई हैं, विशेषकर चालक की लापरवाही से किसी की मृत्यु हुई हो, उनमें नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएं और इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए। सीडीओ ने यह भी निर्देश दिए कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और जनजागरूकता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के किनारे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध मानव संसाधन और उपकरणों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि दुर्घटनाओं की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जा सके। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, व्हाइट पट्टी पेंटिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि पुलिस एवं परिवहन विभाग संवेदनशीलता के साथ प्रवर्तन की कार्रवाई निरंतर जारी रखें। उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया, जिसमें दोपहिया चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने की बात कही गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, पुलिस क्षेत्राधिकारी, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात पुलिस (टीएसआई) एवं एनएचआई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







