Home उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम का शुभारंभ, युवाओं को किया गया सम्मानित

सड़क सुरक्षा मित्र कार्यक्रम का शुभारंभ, युवाओं को किया गया सम्मानित

एआरटीओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 5 स्वयंसेवकों को मिला सम्मान

FATEHPUR NEWS: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा संचालित ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ कार्यक्रम का शुभारंभ फतेहपुर जनपद में किया गया। उत्तर प्रदेश के चयनित 28 जिलों में शामिल फतेहपुर में इस योजना के प्रथम चरण के तहत एआरटीओ कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन रनजीत सिंह एवं आरआई कृष्णा सिंह ने नेहरू युवा केंद्र द्वारा प्रशिक्षित पांच स्वयंसेवकों—शिवम, अनिल कुमार, कौशल कुमार, निखिल सिंह और जुनैद गजाली—को हेलमेट, टॉर्च और फर्स्ट एड बॉक्स प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने इन युवाओं को सड़क दुर्घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। ‘गोल्डन ऑवर’ यानी दुर्घटना के तुरंत बाद के समय में यदि घायलों को समय पर इलाज मिल जाए तो कई कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए युवाओं को प्रशिक्षित कर इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी दुर्घटना में मदद करने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा अनावश्यक पूछताछ नहीं की जाएगी। बल्कि ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग आगे आकर मानवता का परिचय दें। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नेहरू युवा केंद्र के इन प्रशिक्षित वॉलंटियर्स के माध्यम से जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर आकाश सहित आरटीओ कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।