JAUNPUR NEWS: माँ दुर्गा जी विद्यालय, सिद्दीकपुर में बुधवार को संस्थापक स्व. डॉ. छविनाथ सिंह की 81वीं जयंती पर भव्य समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर विद्यालय को एनसीसी 98 यूपी बटालियन, जौनपुर की सब-यूनिट की मान्यता प्रदान की गई, जो संस्था और छात्रों के लिए गर्व का क्षण रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और विशिष्ट अतिथि कर्नल आलोक धर्मराज सिंह (कमांडिंग ऑफिसर, एनसीसी 98 यूपी बटालियन) ने विद्यालय प्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ‘मुन्ना’ और निदेशक सूर्यांश प्रकाश सिंह को आधिकारिक प्रमाण पत्र सौंपा। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय शिक्षा में पहले से अग्रणी रहा है और एनसीसी की सौगात से छात्रों के व्यक्तित्व, अनुशासन और नेतृत्व कौशल में निखार आएगा। कर्नल आलोक सिंह ने कहा कि “एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की प्रयोगशाला है, जिससे विद्यार्थी देश सेवा के लिए तैयार होते हैं।” समारोह में विद्यालय प्रबंधक ने सभी अतिथियों का स्वागत वायु शोधन पौध भेंट कर किया और अंत में सभी आगंतुकों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्रों का आभार जताया।







