जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए
FATEHPUR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु तहसील खागा सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 20 दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु आवेदन प्राप्त किए गए, समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन के 03 आवेदन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 04 ट्राइसाइकिल आवेदन, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 06 आवेदन, किसान सम्मान निधि हेतु 11 फॉर्मर रजिस्ट्री, होम्योपैथिक विभाग द्वारा 30 लोगों को दवा वितरण, जिला पूर्ति विभाग द्वारा 32 यूनिट वृद्धि एवं नए राशन कार्ड के आवेदन, सीएम युवा योजना के 05 आवेदन, बैंक द्वारा 20 लोगों को ऋण संबंधी जानकारी तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग द्वारा 69 लोगों को सेवाएं प्रदान की गईं। महिला कल्याण विभाग द्वारा 20 आवेदनों के माध्यम से निराश्रित महिला पेंशन एवं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी गई। समाधान दिवस में बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पुलिस, चकबंदी, विद्युत, आवास, कृषि, सिंचाई, जल निगम (ग्रामीण), बाल विकास, महिला कल्याण, पीडब्ल्यूडी, आरईएस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 244 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 23 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खागा, पुलिस क्षेत्राधिकारी खागा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एलडीएम, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







