बिन्दकी तहसील में विभिन्न विभागों के स्टाल लगाकर दी गई योजनाओं की जानकारी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयसीमा में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए
FATEHPUR NEWS: जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से माह मार्च के प्रथम शनिवार को तहसील बिन्दकी के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाए गए। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के 6 आवेदन, समाज कल्याण विभाग द्वारा 9 वृद्धा पेंशन आवेदन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 21 उपकरण/दिव्यांग प्रमाण पत्र के आवेदन प्राप्त हुए। वहीं होम्योपैथिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 38 तथा आयुष विभाग द्वारा 50 लोगों को दवाएं वितरित की गईं। कृषि विभाग को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 6 आवेदन तथा जिला पूर्ति विभाग को 7 व्यक्तिगत शौचालय के आवेदन प्राप्त हुए। कुल मिलाकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित 56 आवेदन प्राप्त हुए। समाधान दिवस में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेंशन, सिंचाई, नलकूप और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 124 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 100 शिकायतों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिन्दकी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ईओ, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







