Home उत्तर प्रदेश संदिग्ध मौत प्रकरण में आरोपी को नोटिस, सहयोग न करने पर वारंट...

संदिग्ध मौत प्रकरण में आरोपी को नोटिस, सहयोग न करने पर वारंट की चेतावनी

MIRZAPUR NEWS: कटरा कोतवाली क्षेत्र के टटरहाई रोड से जुड़े प्राची सोनी प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पति गौरव सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दर्ज मुकदमे में नामजद आरोपियों से पूछताछ के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। कटरा कोतवाली प्रभारी वैद्यनाथ सिंह के अनुसार इस मामले में नामजद आरोपी महेश सोनी, सुनीता सोनी और विजय सोनी उर्फ तनु के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को कई बार थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया गया, लेकिन वह सहयोग नहीं कर रहा है। इसके बाद पुलिस भारी फोर्स के साथ आरोपी के घर पहुंची, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। पुलिस का कहना है कि टीम के पहुंचने के बावजूद आरोपी घर पर नहीं मिला और पूछताछ से बचता रहा। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत आरोपी के घर नोटिस चस्पा कर दिया है। नोटिस में आरोपी को निर्धारित समय के भीतर पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर पूछताछ में सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यदि आरोपी नोटिस को गंभीरता से नहीं लेता और पूछताछ में सहयोग नहीं करता है तो उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जा सकती है। उधर पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, उनके समर्थन में एक विधायक के खड़े होने से मामले की निष्पक्ष जांच में बाधा उत्पन्न हो रही है। पीड़ित का कहना है कि इस कारण जांच की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि इस मामले में पहले से ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और पूरे प्रकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।