KAUSHAMBI NEWS: पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा कस्बे के वार्ड नंबर 13 स्थित संत गाडगे नगर में सोमवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।जानकारी के अनुसार संत गाडगे नगर निवासी वंदना देवी (25) पत्नी जानकी सरोज की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका अपने पीछे एक साल की मासूम बच्ची छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृतका का पति जानकी सरोज ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह की बात भी सामने आ रही है। बताया गया कि जानकी सरोज की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व कौशांबी थाना क्षेत्र के बकलियन का पूरा गांव में हुई थी। हालांकि अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। एक साल की बच्ची के सिर से उठा मां का साया वंदना देवी की मौत के बाद उसकी एक साल की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार के लोग बिलख रहे हैं और मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।







