सीएससी कोरांव पर निकाली गई संचारी रोग जागरूकता रैली
प्रातःकाल एक्सप्रेस
कोरांव प्रयागराज। गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव में संचारी रोगों से बचाव एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राजमणि कोल ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक राजमणि कोल ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए चिकित्सकों द्वारा बताए गए तरीके ही हितकर होते हैं। उन्होंने सभी लोगों से चिकित्सकों की सलाह अपनाने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। विधायक ने चिकित्सकों को प्रत्येक गांव में लोगों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव के अधीक्षक डॉ. केबी सिंह ने संचारी रोगों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण तरीके बताए। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, मच्छरों से बचाव के लिए मॉस्किटो रेपेलेंट का उपयोग करने, दूषित पानी और भोजन से बचने, टीकाकरण करवाने तथा चिकित्सक की सलाह पर अमल करने पर जोर दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में पूर्व ब्लाक प्रमुख अव्यक्त राम मिश्र उर्फ डिप्टी मिश्रा, भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष संतरा देवी बिंद, मंडल अध्यक्ष बबुआन द्विवेदी, बीसीपीएम महेंद्र सोनकर, बीपीएम रजनीश मिश्र सहित कई चिकित्सक और अन्य स्टाफ कर्मचारी मौजूद रहे।







