Home उत्तर प्रदेश श्रृंगवेरपुर में मस्जिद हटाने को लेकर नेश्नल हाईवे पर धरने पर बैठे...

श्रृंगवेरपुर में मस्जिद हटाने को लेकर नेश्नल हाईवे पर धरने पर बैठे कैबिनेट मंत्री संजय निषाद

4
0

– मस्जिद को बताया अवैध निर्माण, निषादराज किले के अस्तित्व पर जताया खतरा, घंटों बाधित रहा दिल्ली-कोलकाता हाईवे।
प्रातःकाल एक्सप्रेस
श्रृंगवेरपुर धाम। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने सोमवार को श्रृंगवेरपुर धाम स्थित दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए। मंत्री के अचानक धरना प्रदर्शन से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। उनके साथ निषाद पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल रहे, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।

धरना प्रदर्शन कर रहे कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद की मांग थी कि श्रृंगवेरपुर धाम में मंदिर के समीप स्थित मस्जिद को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ढांचा अवैध रूप से बनाया गया है और इससे निषादराज के ऐतिहासिक किले का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। डॉ. निषाद ने कहा कि यह स्थान करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना के दौरान डॉ. संजय निषाद ने न केवल मस्जिद हटाने की मांग किया, बल्कि श्रृंगवेरपुर धाम में हो रहे अवैध खनन और अन्य अतिक्रमणों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भू-माफिया और अवैधतत्व इस ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने साफ किया कि जब तक ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, वे पीछे नहीं हटेंगे। मंत्री के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हाईवे पर जाम के कारण दोनो ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई थी। इस दौरान यात्रियों को असुविधा का भी सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने डॉ. संजय निषाद को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया। घंटों तक चली मान-मनौव्वल बाद करीब दो बजे कैबिनेट मंत्री ने धरना समाप्त किया।

– निषादराज किला पर किसा पूजन, निकाली शोभा यात्रा

श्रृंगवेरपुर धाम। डॉ. संजय निषाद हर वर्ष निषाद पार्टी की ओर से श्रृंगवेरपुर धाम के राजा निषादराज गुह की जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इस अवसर पर प्रदेशभर से समाज के लोग यहां जुटते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने समाज के हितों और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प दोहराया। इससे पूर्व वह सुबह आठ बजे ही धाम पहुंच गये थे। निषाद किले पर अपने परिजनों और कार्यकर्ताओं के साथ भव्य पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संजय निषाद ने श्रीराम घाट स्थित निषादराज गुंह के मंदिर पर माथा टेक षेभा यात्रा निकाली। इस दौरान पार्टी पक्ष के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद किए गए थे।