FATEHPUR NEWS: असदुल्ला नगर (सिठियानी) ग्राम सभा में अमृत लाल जायसवाल द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान उत्सव में चौथे दिन शनिवार को वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्म और नंदोत्सव का भव्य वर्णन किया गया। कथा वाचन के लिए इटावा से पधारे कथाव्यास हरिभजन दास जी महाराज एवं ब्रह्मचारी परशुराम महाराज ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के यजमान अमृत जायसवाल एवं गीता जायसवाल सपरिवार रहे। कथा का विधिवत पूजन आचार्य रोहित शुक्ला द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। कथाव्यास ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग सुनाते हुए बताया कि कंस की कारागार में भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में भगवान श्रीकृष्ण का अवतार हुआ। वासुदेव-देवकी के पुत्र श्रीकृष्ण का लालन-पालन नंदबाबा के घर हुआ, जहां नंदगांव में जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण ने आगे चलकर अत्याचारी कंस का वध कर पृथ्वी को उसके अत्याचारों से मुक्त कराया और अपने माता-पिता को कारागार से मुक्त कराया। कृष्ण जन्म की खुशी में कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया। माखन-मिश्री एवं फलों का प्रसाद वितरित किया गया और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन व नृत्य के साथ नंदोत्सव मनाया। इस अवसर पर तेजप्रकाश जायसवाल, राखी जायसवाल, अनुशा, आदित्य, आनंदप्रकाश, निधि जायसवाल, तनिष्का, कार्तिक, राहुल जायसवाल, श्वेता जायसवाल, अंवित जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







