SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रविवार को दो जगहों पर ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक विनय वर्मा ने जनता की समस्याओं को सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
बढ़नी ब्लॉक के ग्राम पंचायत झरुआ में आयोजित चौपाल में विधायक विनय वर्मा ने कहा कि वह शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बढ़नी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निर्माण, बढ़नी और शोहरतगढ़ में बस स्टेशन, अग्निशमन केंद्र, बारात घर और खेल स्टेडियम जैसी नई परियोजनाएं क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के सभी लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलें।
विधायक ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सभी लोगों को बिना किसी भेदभाव के इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र जायसवाल, चंद्रकेश भारती, रामदास मौर्य, प्रदीप कमलापुरी और रत्नेश सोनी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
इसी क्रम में शोहरतगढ़ ब्लॉक के सेमरा गांव में भी ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। यहाँ भी विधायक विनय वर्मा ने लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस चौपाल में विष्णु कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक ने दोनों ही चौपालों में जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी परेशानियों को समझने और सुलझाने का प्रयास किया।







