Home उत्तर प्रदेश शॉर्ट सर्किट से जल निगम स्टोर में भीषण आग, लाखों का नुकसान

शॉर्ट सर्किट से जल निगम स्टोर में भीषण आग, लाखों का नुकसान

FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के अंतर्गत जनता गांव मोड़ के समीप शनिवार सुबह लगभग 10 बजे हाईटेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट से जल निगम के स्टोर में भीषण आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी के अनुसार, पावर मेक प्रोजेक्ट लिमिटेड के अंतर्गत राजधानी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर में रखे प्लास्टिक के मोटे पाइप आग की चपेट में आ गए। प्लास्टिक के पाइप जलकर आग का गोला बन गए और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। खुशकिस्मती रही कि पास में ही फायर स्टेशन होने के कारण दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक जल निगम के लाखों रुपये मूल्य के पाइप जलकर खाक हो चुके थे। आग की इस घटना में जनता गांव निवासी विकास अवस्थी की लगभग एक बीघा गेहूं की फसल भी जल गई। ग्रामीणों की तत्परता से आग को समय रहते बुझा लिया गया, अन्यथा आसपास खड़ी सैकड़ों बीघा पकी फसल भी चपेट में आ सकती थी। सूचना पर लेखपाल उमेंद्र मौर्य, अजीत उमराव एवं प्रभाकर पटेल मौके पर पहुंचे और क्षति का आकलन किया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।