घटना को लेकर पुलिस और स्थानीयों का मत अलग
FATEHPUR NEWS: जनपद के धाता नगर पंचायत के पुरानी बाजार में शनिवार की रात एक बड़ी घटना सामने आई है। मस्जिद के पास स्थित इरफ़ान अहमद के घर में आग लग गई। इस हादसे में महरून निशा (60) पत्नी स्व. मोहम्मद अहमद की मौत हो गई। एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की सूचना पर रविवार सुबह करीब 9 बजे थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ खागा बृजमोहन राय व अपर पुलिस अधीक्षक भी दोपहर बाद घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतका के पति मोहम्मद अहमद की कस्बे में पटाखों की दुकान थी और वह पटाखा बनाने का भी काम करते थे। तीन साल पहले उनकी मृत्यु हो चुकी है और दुकान की वरासत की फाइल जमा किया जा चुका है। पड़ोसियों का मानना है कि विस्फोट पटाखों के कारण हुआ, लेकिन पुलिस इसे बिजली का शॉर्ट सर्किट बता रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी बृजमोहन राय, अपर पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे हैं और घटना की जांच जारी है।







