Home उत्तर प्रदेश शिवपुरा विद्युत उपकेंद्र शिलान्यास के 26 वर्षों बाद भी नहीं हुआ चालू...

शिवपुरा विद्युत उपकेंद्र शिलान्यास के 26 वर्षों बाद भी नहीं हुआ चालू ,दिया गया ज्ञापन

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने शिवपुरा स्थित 33/11केवी विद्युत उपकेंद्र को चालू करवाने के लिए ऊर्जा राज्य मंत्री के नाम एक ज्ञापन अपर जिला अधिकारी सुश्री ज्योति राय को सौंपा। यह उपकेंद्र 26 वर्ष पहले शिलान्यास के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सका है।
बलरामपुर जिले के तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड हर्रैया सतघरवा के मुख्यालय शिवपुरा बाजार और आसपास के इलाकों में गर्मियों में बिजली की समस्या गंभीर रहती है। वर्तमान में लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित 33/11केवी विद्युत उपकेंद्र महराजगंज से आपूर्ति होती है, जो ओवरलोड रहता है। इससे क्षेत्रवासियों को कम वोल्टेज और बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय शिवपुरा से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर 1 जनवरी 1999 को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र शिवपुरा का शिलान्यास तत्कालीन ऊर्जा राज्य मंत्री श्री लल्लू सिंह चौहान ने किया था। यह उपकेंद्र निर्धारित समय में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन 26 वर्षों बाद भी इसे चालू नहीं किया गया है। बिजली की कमी के कारण बनकटवा रेंज से निकलने वाले जंगली जानवर अंधेरे का फायदा उठाकर क्षेत्र में घुस आते हैं। सौभाग्य योजना के तहत हर्रैया सतघरवा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र हर्रैया का निर्माण किया गया, जिससे कुछ हद तक लाइन में सुधार हुआ, लेकिन गर्मियों में आपूर्ति की समस्या बनी रहती है। इसके बाद 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मथुरा का प्रस्ताव भी आया, लेकिन 26 वर्षों से तैयार खड़े शिवपुरा उपकेंद्र पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बलरामपुर नगर सहित पूरे जिले में गर्मियों के मौसम में कम वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या आम है। बार-बार फ्यूज उड़ने, तारों के शॉर्ट होने और ट्रांसफार्मर जलने जैसी घटनाएं होती रहती हैं। ज्ञापन में इन सभी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की गई है। इस दौरान समाजसेवी युगल किशोर शुक्ल के साथ संजीव श्रीवास्तव, अभय शुक्ल, मोहम्मद यासीन, मदन गोपाल उपाध्याय, राम प्रसाद, स्वप्निल श्रीवास्तव, सारिक खान, इरफान खान, संदीप शुक्ल सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।