Home उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र की आत्महत्या के बाद अलियाबाद में राजनीतिक दलों व संगठनों का...

शिक्षामित्र की आत्महत्या के बाद अलियाबाद में राजनीतिक दलों व संगठनों का पहुंचना जारी

हाउस अरेस्ट होने के कारण अजय राय ने मोबाइल से परिजनों से की बात

किसान यूनियन ने न्याय न मिलने पर राकेश टिकैत के आने की दी चेतावनी

FATEHPUR NEWS:  प्राथमिक विद्यालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले शिक्षामित्र एवं बीएलओ अखिलेश सविता के घर पर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों के नेताओं का पहुंचना लगातार जारी है। सभी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
बताया जाता है कि बिंदकी क्षेत्र के अलियाबाद गांव निवासी अखिलेश सविता गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र थे तथा मतदाता पुनरीक्षण कार्य के लिए बीएलओ की जिम्मेदारी निभा रहे थे। शनिवार की शाम उन्होंने विद्यालय के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें लिखा था कि 8 मार्च को उनकी पुत्री की शादी है, लेकिन एसआईआर कार्य के दबाव के कारण वह शादी की तैयारियां नहीं कर पा रहे थे, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठा लिया। वहीं सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे समाजवादी पार्टी सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव धर्मपाल पटेल अपने समर्थकों के साथ अलियाबाद पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और 8 मार्च को होने वाली पुत्री की शादी में सहयोग करने की बात कही। उसके बाद दोपहर करीब 1 बजे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल, तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह, महासचिव अनूप सैनी सहित कई पदाधिकारी गांव पहुंचे। यूनियन नेताओं ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने किए गए वादे पूरे नहीं किए तो 8 अप्रैल को यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ अलियाबाद गांव आएंगे। इसके बाद करीब 2:30 बजे कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी के नेतृत्व में तथा शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा एवं अन्य के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता गांव पहुंचे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के भी आने का कार्यक्रम था, लेकिन उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इसके चलते उन्होंने मोबाइल के माध्यम से मृतक की पत्नी और भाई से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ फतेहपुर के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिला मंत्री विजय त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वर्मा सहित कई पदाधिकारी भी अलियाबाद पहुंचे। संघ के पदाधिकारियों ने मृतक की पुत्री की 8 मार्च को होने वाली शादी के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि शिक्षक आपसी सहयोग से धन एकत्र कर 7 मार्च की शाम या 8 मार्च की सुबह परिजनों को सौंपेंगे। इस दौरान विभिन्न संगठनों के नेताओं और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।