KAUSHAMBI NEWS: शिक्षक अंकित श्रीवास्तव और उनकी पत्नी शिक्षिका शिवानी श्रीवास्तव ने इस बार भी अपनी बिटिया का जन्मदिन अलग अंदाज में मनाया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को दंपति परिवार के साथ ओसा स्थित वृद्धजन आश्रय गृह पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच बिटिया का जन्मोत्सव मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत बिटिया इशी श्रीवास्तव ने सभी वृद्धजनों का मुंह मीठा कराकर किया। इसके बाद गीत-संगीत के बीच परिवार ने बुजुर्गों के साथ काफी समय बिताया। इस दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। बुजुर्गों ने बताया कि जो अपनापन और स्नेह उन्हें अपने घरों में नहीं मिल पाता, वह ऐसे अवसरों पर महसूस होता है। शिक्षक ने बताया कि वह अपनी बेटी को बचपन से ही बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता की सीख देना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से हर वर्ष उसका जन्मदिन वृद्धाश्रम में मनाया जाता है, ताकि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का भाव उसके जीवन में विकसित हो सके। इस अवसर पर बिटिया ने सभी वृद्धजनों को एक-एक बड़ी तौलिया और रूमाल भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महिला उत्थान जागृति संस्थान की अध्यक्ष अंजना मिश्रा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की काउंसलर, करारी थाने की एसआई कंचन सिंह, प्रार्थना त्रिपाठी, वृद्धाश्रम के संस्थापक आलोक राय, सेवानिवृत्त लोक निर्माण विभाग के चंद प्रकाश श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त शिक्षिका आशा श्रीवास्तव सहित परिवार के सदस्य अक्षत श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।







