Home उत्तर प्रदेश शिक्षकों ने मशाल जुलूस निकालकर टेट का किया विरोध

शिक्षकों ने मशाल जुलूस निकालकर टेट का किया विरोध

FATEHPUR NEWS: संयुक्त शिक्षक एकता मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को जनपद में शिक्षकों ने सरकार द्वारा पूर्व से कार्यरत शिक्षकों पर जबरन टीईटी लागू किए जाने के विरोध में मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह जुलूस नहर कॉलोनी से प्रारंभ होकर विद्यार्थी चौराहे तक निकाला गया, जिसका नेतृत्व जिला संयोजक मान सिंह ने किया। जुलूस में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, अध्यक्ष, मंत्री तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरटीई एक्ट 2009 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी लागू करने के निर्णय का विरोध करते हुए इसे अन्यायपूर्ण बताया। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों पर इस प्रकार की अनिवार्यता थोपना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस “काले कानून” को वापस नहीं लिया, तो प्रदेश स्तर पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी रणनीति तैयार कर ली गई है। इस दौरान प्रशांत पाण्डेय, अखिलेश त्रिपाठी, अजय मिश्रा सहित राजीव उमराव, निधन सिंह, डॉ. रजिया मजहर, अन्नपूर्णा, किरण, संदीप यादव, बृजेश सिंह समेत हजारों की संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों में रोष स्पष्ट दिखाई दिया और उन्होंने एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की है।