रॉड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
FATEHPUR NEWS: जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कलयुगी बेटे ने शराब के लिए पैसे न देने पर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों के बीच आक्रोश व सनसनी का माहौल है। घटना मलवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामचंद्र रैदास मलवा थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा अरविंद कुमार शराब का आदी बताया जा रहा है, जबकि छोटा बेटा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहारा है। परिजनों के अनुसार, अरविंद आए दिन अपनी मां माया देवी से शराब पीने के लिए पैसे मांगता रहता था। घटना वाले दिन भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से पैसे की मांग करने लगा। मना करने पर अरविंद ने घर में रखी मोटरसाइकिल की सॉकर (लोहे की रॉड) उठाकर मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रॉड से गंभीर रूप से घायल माया देवी को परिजन तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर स्थित हैलट अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन इलाज के दौरान माया देवी ने दम तोड़ दिया। मृतका के देवर शिव पूजन ने बताया कि मां को पीटने के बाद आरोपी बेटा नशे की हालत में वहीं बैठकर तड़पती मां को देखता रहा। चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद कुमार को दीवान का पुरवा मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतका के पति रामचंद्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह घटना नशे की लत के सामाजिक दुष्परिणामों को उजागर करती है, जहां एक बेटा अपनी मां जैसे पवित्र रिश्ते को भी नहीं बख्श सका। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।







