JHANSI NEWS: झंकार जयपुर फेस्टिवल सीजन-11 में शगुफ्ता डांस स्टूडियो के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर अपने गुरु, माता-पिता और बुंदेलखंड का नाम रोशन किया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में स्टूडियो की प्रतिभाशाली शिष्या को “नृत्य कला रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि में प्रमुख रूप से लावण्या गर्ग, सान्वी नामदेव, मनोज्ञया सिंह, दुर्गेश गुप्ता एवं अद्विका त्रिपाठी ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला और मेहनत से दर्शकों एवं निर्णायकों का मन मोह लिया। स्टूडियो की गुरु डॉ. शगुफ्ता खान ने बताया कि इस कार्यक्रम में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बैंगलोर, जम्मू-कश्मीर, जयपुर, झांसी, दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे विभिन्न शहरों से आए बच्चों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा रहा।
उन्होंने बच्चों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। साथ ही अभिभावकों के सहयोग को भी उन्होंने इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। कार्यक्रम में मिली इस सफलता से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और शगुफ्ता डांस स्टूडियो की टीम को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।







