Home उत्तर प्रदेश व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक हुई संपन्न

व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक हुई संपन्न

FATEHPUR NEWS: जनपद में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सदर गौरव शर्मा ने की। बैठक में शहर कोतवाल तारकेश्वर राय, राधानगर थाना प्रभारी दिनेश मिश्र और बिंदकी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल, वरिष्ठ जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव और युवा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। मवई गणेशपुर बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष सोनी और संगठन मंत्री मोहित कुमार ने मवई बाजार चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का विशेष अनुरोध किया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके। अधिकारियों ने व्यापारियों को हाल ही में फैली ड्रोन की अफवाहों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। आगामी नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने 50 नंबर गेट पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन बंद होने के मद्देनजर बांदा-सागर रोड पर अतिक्रमण न करने का भी आग्रह किया। सभी ने व्यापारियों की सुरक्षा और समस्याओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश मिश्र, मंत्री राजीव सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल सहित कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे हैं।