SIDHARTHNAGAR NEWS: काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का समापन ‘वीरों को नमन’ के भव्य समारोह के साथ हुआ। लोहिया कला भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कपिलवस्तु विधायक श्याम धनी राही, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी और जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने विधायक श्याम धनी राही और जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से भरे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। पुलिस विभाग और एसएसबी के जवानों ने भी अपनी कला का प्रदर्शन कर माहौल में जोश भर दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी इस अवसर पर सम्मान मिला। निबंध, भाषण, वाद-विवाद और पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले एसएसबी के जवानों को भी विधायक श्याम धनी राही, जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संस्कृति विभाग के लोक गायक बृजेश कुमार दुबे ने अपनी शानदार प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम में नई जान फूंक दी। कार्यक्रम का सफल संचालन नीतेश पांडेय ने किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।







