बुंदेलखंड के उद्योगपति और समाजसेवी को भारतीय कलचुरी जायसवाल महासभा ने दी राष्ट्रीय जिम्मेदारी
BHADOHI NEWS: बुंदेलखंड के प्रतिष्ठित उद्योगपति और समाजसेवी वीरेंद्र राय को भारतीय कलचुरी जायसवाल महासभा का केंद्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर झांसी जनपद में जोरदार स्वागत किया गया। रविवार को स्टेशन से उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसमें समाज के प्रमुख पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और आमजन उपस्थित रहे। महाराष्ट्र के शिरडी स्थित साई आश्रम भक्त निवास में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए समाज के प्रतिनिधियों ने मतदान के माध्यम से वीरेंद्र राय को महासभा का केंद्रीय अध्यक्ष चुना। मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश शिवहरे ने उन्हें केंद्रीय अध्यक्ष का प्रमाण-पत्र सौंपा। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने वीरेंद्र राय का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। समाज के लोगों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया।
केंद्रीय अध्यक्ष बनने के बाद वीरेंद्र राय ने कहा कि वे समाज के हित में निरंतर प्रयास करेंगे और सभी वर्गों को साथ लेकर समाज को संगठित करेंगे। उन्होंने समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया। झांसी महानगर के प्रमुख उद्योगपति और वसेरा ग्रुप के संचालक वीरेंद्र राय अपने सरल व्यक्तित्व, मधुर व्यवहार और सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली के लिए समाज में विशेष पहचान रखते हैं। उनका निर्विरोध निर्वाचन बुंदेलखंड के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। इस अवसर पर सहस्त्रबाहु सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाज के गणमान्य लोगों ने वीरेंद्र राय को बधाई और शुभकामनाएँ प्रेषित की।







