स्वास्थ्य जांच शिविर व रक्तदान का हुआ आयोजन
FATEHPUR NEWS: मलवां स्थित एसबीएस कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ-साथ पोस्टर प्रेजेंटेशन, क्विज, निबंध लेखन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज फतेहपुर के प्राचार्य डॉ. आर.के. मौर्या और उत्तर प्रदेश शासन के सर्जिकल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश रहे। आए हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने दवाओं के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथियों ने फार्मासिस्ट को डॉक्टर और मरीज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री से लेकर ब्लड बैंक, अस्पताल और मेडिकल स्टोर तक, समाज के स्वास्थ्य प्रहरी के रूप में कार्य करते हैं।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. गुलज़ार आलम ने एक मजबूत समाज के निर्माण में सही स्वास्थ्य सेवा की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने फार्मासिस्ट के कार्यों का उल्लेख किया, जिसमें मरीजों को सही सलाह देना, उनके इलाज में सहयोग करना और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल है। एडमिशन सेल व स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रमुख शोभित गुप्ता ने फार्मेसी क्षेत्र की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर, 1912 को इंटरनेशनल फार्मास्युटिकल फेडरेशन (आईपीए) की स्थापना हुई थी। वर्ष 2009 में तुर्की में 25 सितंबर को प्रतिवर्ष फार्मासिस्ट दिवस मनाने का प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद से यह दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। साथ ही, पोस्टर प्रेजेंटेशन, क्विज, निबंध लेखन और नृत्य, गायन, कविता व नाटक जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। विभाग के प्राचार्य ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त फार्मेसी स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा।







