MIRZAPUR NEWS: विश्व दिव्यांग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग द्वारा बुधवार को विकास भवन,पथरिया में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर पूर्व मंत्री एवं मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल मझवां विधायक सूचिस्मिता मौर्य,छानबे विधायक रिंकी कोल तथा नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केसरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के पुनर्वास, सशक्तिकरण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर व्यापक प्रयास कर रही है। निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण जैसी योजनाएँ सरकार की संवेदनशीलता और दिव्यांगजन कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती हैं।उन्होंने आगे कहा कि शासन का लक्ष्य है कि कोई भी दिव्यांगजन अपनी शारीरिक सीमाओं के कारण पीछे न रह जाए। सरकारी योजनाओं एवं सहयोग के माध्यम से उन्हें आत्मविश्वास, सम्मान और नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभार्थी उपस्थित रहे, जिन्हें व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, कृत्रिम अंग सहित विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। लाभार्थियों ने शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।







