विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि ने दिखाई हरी झंडी
SIDHARTHNAGAR NEWS: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले में जनसंख्या नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर रैलियां और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में तहसील नौगढ़ और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में जागरूकता रैलियां निकाली गईं। तहसील नौगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही और डुमरियागंज के सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल द्वारा एक जागरूकता वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह वैन तहसील से होकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नौगढ़ पर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रमोद कुमार, डा. संजय गुप्ता, एमओआईसी नौगढ़ डा. अनूप जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा बहनों ने एक जागरूकता रैली निकालकर स्लोगन के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के बारे में जागरूक किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अविनाश चौधरी ने बताया कि विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जिसमें आशा बहनों द्वारा महिलाओं को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी दी जाएगी। सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए जितनी भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, उनको मुहैया कराया जाएगा। इस दौरान डॉक्टर प्रदीप वर्मा, बीपीएम अरविंद त्रिपाठी, बीसीपीएम राजेश कुमार, अमृता पांडे, संध्या, सपना, सौम्या सहित आशा बहनें मौजूद रहीं।







