2364 मतदेय स्थलों पर चला विशेष अभियान, मतदाताओं में दिखा उत्साह
FATEHPUR NEWS: अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत जनपद में रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जनपद के छह विधानसभा क्षेत्रों के कुल 2364 मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं पदाभिहित अधिकारी उपस्थित रहे। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया गया था। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 जनवरी से 06 मार्च 2026 तक निर्धारित है। विशेष अभियान के तहत मतदेय स्थलों पर प्रकाशित मतदाता सूची, एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची, नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी सूची अवलोकनार्थ उपलब्ध कराई गई। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। पात्र व्यक्तियों को नाम जोड़ने हेतु फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा संशोधन के लिए फार्म-8 भरने में सहायता प्रदान की गई। बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 6ए, 7, 8, घोषणा पत्र एवं संबंधित सूचियां उपलब्ध कराई गई थीं। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए, ग्राम प्रधान, सभासद एवं स्वयंसेवकों का भी सहयोग प्राप्त हुआ। अभियान के संबंध में समाचार पत्रों के माध्यम से पूर्व में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया था। वहीं उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने विधानसभा क्षेत्र 240-फतेहपुर के अंतर्गत विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया, जिनमें राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय, श्री नागा निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज एवं विश्व भारती गर्ल्स इंटर कॉलेज शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर पात्र व्यक्तियों को फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने हेतु प्रेरित किया। बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को आयोग के मानकों के अनुरूप आवेदन अपलोड करने तथा लॉजिकल डिस्क्रीपेंसी का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विशेष अभियान के दौरान मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। जनपद में कुल 5608 फार्म-6 तथा 959 फार्म-8 प्राप्त किए गए। प्रशासन ने अपील की है कि पात्र नागरिक 06 मार्च 2026 तक अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।
विधानसभा वार प्राप्त फार्म-6
जहानाबाद – 764 बिंदकी – 950 फतेहपुर – 1354 अयाह शाह – 973 हुसैनगंज – 642 खागा – 925







