Home उत्तर प्रदेश विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1805 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान...

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1805 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान का हुआ आयोजन

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख)  मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सभी 1805 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर मतदाता सूची को अद्यतन किए जाने की प्रक्रिया संचालित की गई। जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य संबंधित कार्यों को संपादित कर रहे हैं। प्रत्येक बीएलओ के पास फॉर्म-06 सहित सभी निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध रहे, जिससे मतदाताओं को सुविधा के साथ आवेदन करने में सहायता मिली। मतदाताओं के मार्गदर्शन हेतु सभी बूथों पर सहायता व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई, जहां आमजन को आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विपिन कुमार जैन द्वारा विकास अधिकारी हरैया सतघरवा में मतदेय स्थल बूथ संख्या-90 उच्च प्राथमिक विद्यालय शिवपुरा तथा बूथ संख्या 177 से 180 उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगराकोहल का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉर्म-06 के संकलन एवं दावों-आपत्तियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए और कार्यों को पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सभी ईआरओ/एसडीएम द्वारा निरंतर मतदेय स्थलों का भ्रमण करते हुए अभियान की मॉनिटरिंग की गई तथा मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक संशोधन अथवा नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें, जिससे निर्वाचन नामावली को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।