Home उत्तर प्रदेश विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक, 18 जनवरी को सभी...

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक, 18 जनवरी को सभी बूथों पर मतदाता सूची का होगा वाचन

FATEHPUR NEWS: जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 को लेकर शुक्रवार को गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी 2026 को किया जा चुका है। इसके क्रम में आगामी 18 जनवरी 2026 (रविवार) को जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित कुल 2364 मतदेय स्थलों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर आलेख्य मतदाता सूची का वाचन करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि इस दिन नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएंगे। साथ ही यदि किसी मतदाता के नाम, पिता का नाम, आयु या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है तो उसके संशोधन के लिए फार्म-8 भरवाया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची से नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7 भरा जा सकेगा। बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद के अधिकारी सतत भ्रमणशील रहेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं घोषणा पत्र के साथ उपस्थित रहें। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान की तिथियां 17 जनवरी (शनिवार), 18 जनवरी (रविवार), 31 जनवरी (शनिवार) एवं 1 फरवरी (रविवार) निर्धारित की गई हैं। वहीं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। आमजन के अवलोकन के लिए आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ तथा प्राप्त दावे/आपत्तियों की सूची जनपद की वेबसाइट www.fatehpur.nic.in पर अपलोड कर दी गई है और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। साथ ही सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक प्रचार सुनिश्चित करें। एक बीएलए द्वारा एक दिन में अधिकतम 10 फार्म प्राप्त किए जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग के ई-सीआईनेट मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के जरिए भी फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 (घोषणा पत्र सहित) जमा किए जा सकते हैं। विशेष अभियान की तिथियों पर सभी बीएलओ मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे और उनके पास पर्याप्त संख्या में आवश्यक फार्म उपलब्ध रहेंगे। बैठक में मुख्य राजनैतिक दल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।