Home उत्तर प्रदेश विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत कुशीनगर में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन,...

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत कुशीनगर में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन, 23.21 लाख मतदाता दर्ज

KUSHINAGAR NEWS: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के क्रम में अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत आज जनपद कुशीनगर में निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभाओं की बूथवार मतदाता सूची की एक-एक प्रति सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में पुनरीक्षण के दौरान मतदाता संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। दिनांक 27.10.2025 को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के समय कुल 26,95,030 मतदाता थे। इसके पश्चात 06.01.2026 को आलेख्य प्रकाशन के समय कुल 21,92,390 मतदाता दर्ज हुए, जिनमें 11,99,539 पुरुष, 9,92,759 महिला एवं 92 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल थे। अंतिम प्रकाशन (10.04.2026) के समय कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 23,21,867 हो गई है, जिसमें 12,65,877 पुरुष, 10,55,903 महिला एवं 87 अन्य श्रेणी के मतदाता सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की अवधि 06.01.2026 से 06.03.2026 तक निर्धारित थी। इस दौरान मतदाताओं, बीएलओ एवं बीएलए के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निस्तारण किया गया। आलेख्य प्रकाशन के पश्चात फार्म-6 के माध्यम से 1,31,702 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से 2,225 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान स्वयं अथवा अभिभावक द्वारा डाटा मैपिंग न कराने के 1,57,589 प्रकरण तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेन्सी के 4,14,083 प्रकरण प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 5,71,672 मामलों में नोटिस जारी कर संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनवाई करते हुए शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में 2875 बूथ लेवल अधिकारियों, 271 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं 07 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सतत प्रयास करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया गया। साथ ही, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा 8587 बूथ लेवल एजेंट तैनात कर समन्वय स्थापित किया गया। पुनरीक्षण अवधि में मतदाताओं की सहायता हेतु बीएलओ ऐप पर 6456 कॉल प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त एनजीएसपी पोर्टल पर प्राप्त 1680 शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण समाधान किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मतदाताओं से अपील की  है कि वे अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली का निरीक्षण अपने मतदेय स्थल, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में निःशुल्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची का अवलोकन जिला निर्वाचन अधिकारी, कुशीनगर की वेबसाइट https://kushinagar.nic.in/deo-portal/⁠ एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in/⁠ पर भी उपलब्ध है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस दौरान  जनपद के सभी 7 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन के सम्बंध में प्रेस वार्ता कर उक्त विस्तृत जानकारी दी गई।प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने मतदाताओं से अपील की है की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची मतदाताओं के निरीक्षण हेतु सभी मतदेय स्थलों,DEO व ERO कार्यालय पर उपलब्ध रहेगी।
यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया हो, तो वह फार्म-6 भरकर अपने बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकता है अथवा ऑनलाइन https://voters.eci.gov.in/⁠ या Voter Helpline App के माध्यम से आवेदन कर सकता है।