Home उत्तर प्रदेश विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत मतदाता सूची सुधार एवं नए मतदाताओं के...

विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत मतदाता सूची सुधार एवं नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु व्यापक कार्यवाही संपन्न

KUSHINAGAR NEWS:  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 22 फरवरी 2026 को जनपद की समस्त विधानसभाओं के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण, विसंगतियों का निराकरण तथा नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा।
बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा व्यापक सेवाएं प्रदान की गईं
विशेष अभियान दिवस के अवसर पर सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) आलेख मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहे।
▫️मतदाताओं की सुविधा हेतु आलेख मतदाता सूची का सार्वजनिक पठन एवं प्रदर्शन किया गया। मतदाताओं द्वारा इंगित की गई विसंगतियों को मौके पर ही दर्ज कर सुधार की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
▫️प्रत्येक बूथ पर पूर्व से चिन्हित लॉजिकल डिस्क्रिपेंसीज की सुनवाई कर आवश्यक कार्यवाही की गई।
▫️नए मतदाताओं को जोड़ने हेतु फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
▫️मतदाता सूची में फोटो संबंधी त्रुटियों के सुधार हेतु भी आवेदन प्राप्त किए गए।
जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण
पूरे अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पर्यवेक्षण हेतु जिलाधिकारी  महेंद्र सिंह तंवर द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया गया। प्रमुख रूप से बूथ संख्या 128 से 131, संविलियन प्राथमिक विद्यालय, खजुरिया (कक्ष संख्या 1 से 4) तथा बूथ संख्या 326 से 332, गोस्वामी तुलसी दास इंटर कॉलेज, पडरौना का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी  द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की गई तथा प्राप्त फॉर्म-6 की संख्या, आलेख प्रकाशन में पाई गई विसंगतियों के सुधार की प्रगति, मतदाता फोटो सुधार संबंधी कार्यवाही की समीक्षा करते हुए सभी BLO को तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य पूर्ण करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
मतदाताओं से संवाद एवं जागरूकता
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर उपस्थित क्षेत्रीय नागरिकों एवं मतदाताओं से जिलाधिकारी द्वारा सीधा संवाद स्थापित किया गया। उन्हें मतदाता सूची सुधार हेतु चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी गई तथा अपने विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशासन की अपील
जनपद प्रशासन द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपने नाम, फोटो एवं अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें तथा यदि कोई त्रुटि हो तो संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर समय रहते सुधार सुनिश्चित कराएं, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रियाएं पूर्णतः निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित हो सकें।