बाढ़ प्रभावितों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार: विधायक विपुल दूबे
BHADOHI NEWS: विधायक ज्ञानपुर विपुल दूबे ने तहसील ज्ञानपुर सभागार में बाढ़ प्रभावित 30 परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री पैकेट वितरित किया। विधायक द्वारा बाढ़ प्रभावित ग्राम रामपुर घाट, छेछूआ भूर्रा, डेंगुरपुर, इटहरा, अमिलौर व अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र डीघ ब्लाक के गांवों का दौरा कर गंगा नदी से प्रभावित बाढ़ क्षेत्रों को देखा व स्थानीय बाढ़ पीड़ित लोगों से बात कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बाढ़ आपदा से बचाव के लिए उपस्थित उप जिलाधिकारी भानसिंह सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के बारे में मा0 विधायक को विस्तृत जानकारी दी। विधायक ने बताया कि बाढ़ की स्थिति अब खतरे की सीमा के अंदर है। जलस्तर में वृद्धि हुई है पानी बढ़ने के कारण कई गांवों का मेरे द्वारा भ्रमण किया गया है, जनता को किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसलिए सभी व्यवस्थाएं मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि आवागमन हेतु नाव, पानी निकालने के बाद कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, फसलों का सर्वे कराकर क्षति हुई फसलों का उचित मुआवजा प्रदान कराने आदि का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया तथा लोगों के खाने-पीने के साथ ही महिलाओं, पुरुषों के रहने की व्यवस्था का निरीक्षण कर उनके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं। 30 परिवारों को बाढ़ राहत सामग्री वितरित करते हुए मा0 विधायक ने बताया कि इस बार जो खाद्य सामाग्री पैकट की त्वरित व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की गई है उसमें 26 तरह की सामाग्री हैं जिसमें आटा, दाल, चावल, तेल, नमक, हल्दी, धनिया, मिर्चा, सब्जी मसाला, नैपकिन, पॉलिथीन, तिरपाल, मोमबत्ती, माचिस, चना, लाई, आलू, कपड़ा धुलने एवं नहाने के लिए साबुन सहित अन्य सामग्रियां उत्तम गुणवत्ता की है प्रभावितों को वितरण किया गया। कार्यक्रम में तहसीलदार अजय सिंह उपस्थित रहे।







