Home उत्तर प्रदेश विधायक निधि से बनी सीसी रोड का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिली बड़ी...

विधायक निधि से बनी सीसी रोड का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत
FATEHPUR NEWS: भिटौरा ब्लॉक के ग्राम सभा ढकौली में विधायक निधि से निर्मित सीसी रोड का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी ने शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क का उद्घाटन किया और इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। बताया गया कि इस सीसी रोड की लंबाई लगभग 320 मीटर है, जिसकी निर्माण लागत करीब 25 लाख रुपये आई है। सड़क बनने से गांव के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
लोकार्पण के दौरान ग्राम ढकौली की जनता ने विधायक का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि गांव में जो सड़कें अभी शेष हैं, उनका निर्माण कार्य भी शीघ्र कराया जाएगा। इस अवसर पर विनोद कुमार साहू, संतलाल पासवान, राजाराम पासवान, नत्थू यादव, लाल सिंह, सूरज सिंह, मेवा लाल साहू, पन्नालाल पासवान, सुंदरलाल पासवान, मंगल पासवान, रंजीत यादव, राजेंद्र यादव, मनोज पांडे, सनी लोधी तथा ग्राम प्रधान मनोज लोधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।