कालीन कारखाना के संचालक के विरुद्ध की गई एफआईआर की कार्रवाई, चेकिंग में वसूले गए लगभग 10 लाख रुपए
BHADOHI NEWS: विद्युत वितरण खंड प्रथम के एक्सईएन के निर्देश पर विद्युत व विजलेंस टीम ने शनिवार को नगर के विभिन्न मोहल्लों में बिजली चोरी की रोकथाम व बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की इस कार्रवाई से उन मोहल्लों में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान विद्युत विजलेंस के प्रभारी रमेश कुमार यादव ने विजलेंस टीम तथा टाउन फीडर के अवर अभियंता मनोज कुमार सहित लाइनमैनों के साथ नगर के काजीपुर, मेन रोड व निजामपुर आदि मोहल्लों में छापेमारी करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने काजीपुर मोहल्ले के दक्षिण तरफ एक कटिया कनेक्शन को पकड़ा। जिससे एक कालीन कारखाने को संचालित किया जा रहा था। विजलेंस टीम ने उस कालीन कारखाने के संचालक के विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही टीम ने अभियान के तहत लगभग 10 लाख रुपया बकाया बिजली बिलों के रुप में वसूली की गई। जेई मनोज कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान समय से करें। ताकि उनको बराबर बिजली मिलती रहे। चेकिंग के दौरान अधिक बकाया होने की स्थिति में कनेक्शन को काट दिया जाएगा। वहीं बगैर बकाया बिलों को जमा किए उनको विद्युत का उपभोग करने नहीं दिया जाएगा। अगर किसी ने अवैध रूप से कनेक्शन को जोड़ लिया तो उनके विरुद्ध एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।







